नई दिल्ली। ईरान में आंतरिक संकट के गहराने और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सरकारी कार्रवाई में बढ़ती मौतों के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए एक बार फिर यात्रा परामर्श जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक ईरान की यात्रा से बचने की सख्त सलाह दी है।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि ईरान में मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों को दोबारा परामर्श दिया जा रहा है। मंत्रालय ने इस संबंध में 5 जनवरी को जारी पूर्व परामर्श का भी हवाला दिया है, जिसमें ईरान की गैर-आवश्यक यात्रा से बचने को कहा गया था। मंत्रालय ने पहले जारी परामर्श में ईरान में पहले से रह रहे भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों से अत्यधिक सतर्कता बरतने, प्रदर्शन और विरोध-प्रदर्शन वाले इलाकों से दूर रहने तथा स्थानीय समाचारों के साथ-साथ तेहरान स्थित भारतीय दूतावास की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर लगातार नजर रखने की अपील की थी।
इसके साथ ही विदेश मंत्रालय ने ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को शीघ्र ही भारतीय दूतावास में अपना पंजीकरण कराने की सलाह दी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सरकारी कार्रवाई में अब तक 2,500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रदर्शनकारियों को समर्थन दिए जाने के बाद आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
