
नई दिल्ली। रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दावोस रवाना होने से पहले भारत की समावेशी विकास रणनीति और समाज के हर वर्ग, विशेष रूप से वंचित समुदायों, के जीवन स्तर को सुधारने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने समावेशी विकास को प्राथमिकता दी है, जो वित्तीय समावेशन, बुनियादी सुविधाओं और डिजिटल क्रांति के माध्यम से समाज के सबसे निचले स्तर तक पहुंच रही है।
डब्ल्यूईएफ 2025 में मंत्री वैष्णव समावेशी विकास, सामाजिक और डिजिटल बुनियादी ढांचे में निवेश और प्रौद्योगिकी के लोकतंत्रीकरण जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा, “दुनिया भारत की आर्थिक नीतियों, डिजिटल इंडिया कार्यक्रम और प्रौद्योगिकी के उपयोग से सभी वर्गों के सशक्तिकरण के तरीकों को समझने में रुचि रखती है।”
डिजिटल पहल के तहत विकसित भारत के डिजिटल ढांचे ने वैश्विक स्तर पर एक नया मानक स्थापित किया है, जो समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करता है।
डब्ल्यूईएफ 2025 में भारत की भागीदारी का उद्देश्य वैश्विक साझेदारी मजबूत करना, निवेश आकर्षित करना और भारत को सतत विकास और तकनीकी नवाचार में एक प्रमुख वैश्विक नेता के रूप में स्थापित करना है।