नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को तापमान में गिरावट के साथ कड़ाके की ठंड का असर जारी रहा। इस बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य 4.4 डिग्री सेल्सियस से कम है। विभाग ने बताया कि आमतौर पर 11 से 15 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान करीब 7.4 डिग्री सेल्सियस और 16 से 20 जनवरी के बीच लगभग 7.6 डिग्री सेल्सियस रहता है।
आईएमडी ने राजधानी में ठंडी हवाएं चलने, रात में आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा धुंध और कोहरे की संभावना जताई है। दिन में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि सापेक्ष आर्द्रता 41 से 100 प्रतिशत के बीच रह सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को लंबे समय तक ठंड में रहने से बचने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आसमान साफ रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध के साथ शीतलहर का असर बना रह सकता है। इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता और खराब हो गई। सुबह 10 बजे औसत एक्यूआई बढ़कर 347 दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को यह 297 था। भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के अनुसार, गुरुवार तक एक्यूआई के ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बने रहने की संभावना है।
