नई दिल्ली। सरकारी विमानन कंपनी पवन हंस का एक हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह मायाबंदर के समीप समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि उसमें सवार सभी सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। हेलीकॉप्टर ने सुबह लगभग 8:45 बजे श्री विजया पुरम से उड़ान भरी थी और करीब 45 मिनट बाद समुद्र में गिर गया। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। एक वरिष्ठ नागरिक उड्डयन अधिकारी के अनुसार, तकनीकी समस्या आने के बाद पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर की पानी पर आपात लैंडिंग कराई।
सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित समुद्र से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों का इलाज डॉ. राजेंद्र प्रसाद अस्पताल में चल रहा है। नागरिक उड्डयन निदेशक नितेश रावत ने बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल सात लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। पायलट का बयान अभी दर्ज किया जाना बाकी है। प्रशासन घायलों को श्री विजया पुरम स्थानांतरित करने की तैयारी कर रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
