लखनऊ। गोसाईंगंज क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लुधियाना (पंजाब) से मोतिहारी (बिहार) जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत की खबर है, जबकि प्रशासन ने फिलहाल पांच मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। हादसे में 45 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
हादसा गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास हुआ। बस में करीब 80 से 85 यात्री सवार थे। पुलिस के मुताबिक मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं। प्रभात कुमार, अंशु (5 वर्ष) और अंजलि (10 वर्ष) की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।
घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल 28 यात्रियों—जिनमें सात बच्चे, 12 पुरुष और नौ महिलाएं शामिल हैं—को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के लिए भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हल्की चोट लगने वाले यात्रियों को सीएचसी गोसाईंगंज में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाख जी और पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सिंह सेंगर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से पहले चालक ने सड़क किनारे एक ढाबे पर शराब पी थी। कुछ यात्रियों ने यह भी आशंका जताई कि चालक को झपकी आ गई होगी। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं और कहा है कि सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
