नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सोमवार शाम एक दिन की आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं हवाई अड्डे पर पहुंचकर उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी से होगी द्विपक्षीय वार्ता
शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ आज ही बातचीत प्रस्तावित है। दोनों नेताओं के बीच अहम द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी, जिसके बाद यूएई राष्ट्रपति अपने देश के लिए रवाना हो जाएंगे। यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर हो रही है।
भारत की तीसरी आधिकारिक यात्रा
यूएई के राष्ट्रपति पद संभालने के बाद यह शेख नाहयान की भारत की तीसरी आधिकारिक यात्रा है। वहीं, पिछले एक दशक में यह उनकी भारत की कुल पांचवीं यात्रा मानी जा रही है, जो दोनों देशों के बीच गहरे होते रिश्तों को दर्शाती है।
हालिया उच्चस्तरीय दौरों की कड़ी
यह यात्रा भारत और यूएई के बीच हाल के वर्षों में हुए उच्चस्तरीय संपर्कों की मजबूत कड़ी का हिस्सा है। इनमें सितंबर 2024 में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की भारत यात्रा और पिछले वर्ष अप्रैल में यूएई के उप प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री एवं दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम का दौरा शामिल है।
