मुख्यमंत्री ने मकर संक्रांति एवं खिचड़ी पर्व पर प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मकर संक्रांति और खिचड़ी पर्व के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण पर्व है, जो देशभर में विभिन्न नामों और परंपराओं के साथ श्रद्धा और उल्लास से मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि तमिलनाडु में पोंगल, आंध्र प्रदेश व तेलंगाना में संक्रांति, असम में माघ बिहू, पंजाब-हरियाणा में लोहड़ी, गुजरात में उत्तरायण, महाराष्ट्र में तिल संक्रांति तथा उत्तर प्रदेश और बिहार में खिचड़ी पर्व के रूप में यह त्योहार मनाया जाता है। यह विविधता भारत की सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के दिन सूर्य देव धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश कर उत्तरायण होते हैं, जिसे भारतीय संस्कृति में शुभ, सकारात्मक ऊर्जा और नवचेतना का प्रतीक माना गया है। यह पर्व अंधकार से प्रकाश, नकारात्मकता से सकारात्मकता और जड़ता से सक्रियता की ओर अग्रसर होने का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति और माघ मास के दौरान प्रयागराज में आयोजित माघ मेले में लाखों श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान कर आस्था व्यक्त करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पवित्र नदियों में स्नान, दान-पुण्य और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है, जो सामाजिक सद्भाव और लोककल्याण की भावना को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे मकर संक्रांति और खिचड़ी पर्व को पारंपरिक श्रद्धा, आपसी सौहार्द और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ मनाएं तथा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान दें।
