
संगम तट पर पुष्पवर्षा से गूंजे जय श्री राम के नारे
प्रयागराज । महाकुंभ के पहले स्नान पर्व, पौष पूर्णिमा पर सोमवार को संगम तट पर डुबकी लगाने पहुंचे श्रद्धालुओं का योगी सरकार ने अनूठे अंदाज में स्वागत किया। हेलीकॉप्टर से सभी घाटों और अखाड़ों पर श्रद्धालुओं के स्नान के दौरान गुलाब की पंखुड़ियों की पुष्पवर्षा की गई। यह दृश्य देखकर श्रद्धालु अभिभूत हो गए और संगम तट पर “जय श्री राम” के नारे गूंजने लगे।महाकुंभ मेले के दौरान स्नान पर्वों पर पुष्पवर्षा की इस पहल के लिए उद्यान विभाग ने पहले से विशेष तैयारियां की थीं। गुलाब की पंखुड़ियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। सरकार की योजना के तहत हर स्नान पर्व पर लगभग 20 कुंतल गुलाब की पंखुड़ियों से श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया जाएगा। पौष पूर्णिमा के इस पहले स्नान पर्व पर इसी श्रृंखला में श्रद्धालुओं पर गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश की गई।
सुरक्षा के साथ भावनाओं का संगम
जहां एक ओर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया, वहीं दूसरी ओर यह सुरक्षा निगरानी का भी साधन बना। सुरक्षा एजेंसियां स्नान पर्व के दौरान हवाई माध्यमों से मेले पर पैनी नजर बनाए रहीं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी में पूरी तरह मुस्तैद दिखे। संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच स्नान और दर्शन का क्रम जारी है। लेटे हनुमान जी मंदिर में दर्शन के लिए दो किलोमीटर लंबी कतार देखी गई। महाकुंभ के इस भव्य आयोजन ने श्रद्धालुओं के मन में अध्यात्मिकता और आस्था की नई ऊर्जा का संचार किया।