
एनएचएआई की हितधारक परामर्श कार्यशाला में केंद्रीय मंत्री का संबोधन
नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग देश की महत्वपूर्ण संपत्ति हैं, जिनकी गुणवत्ता और सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। निर्माण कार्यों में पारदर्शिता लाने और गुणवत्ता सुधारने के लिए ठेकेदारों की जवाबदेही सुनिश्चित की गई है।
गडकरी गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा आयोजित हितधारक परामर्श कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “प्रौद्योगिकी एक महत्वपूर्ण साधन है, और स्वचालित एवं बुद्धिमान मशीन-सहायता प्राप्त निर्माण प्रक्रिया को अपनाना सही दिशा में कदम है।” उन्होंने बताया कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पायलट परियोजना में इस तकनीक की सफलता के बाद इसे अन्य परियोजनाओं में भी लागू किया जाएगा।
इस मौके पर सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि भारत ने विश्व स्तरीय सड़कों और राजमार्गों के विकास में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे देश के बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रत्येक हितधारक की इसमें अहम भूमिका है और जैसे-जैसे हम आगे बढ़ेंगे, सेंसर, उपग्रह और वास्तविक समय की निगरानी जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग करना विकास को और गति देगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार निरंतर तकनीकी नवाचारों के माध्यम से भारत के सड़क बुनियादी ढांचे को विजन 2047 के अनुरूप विकसित करने और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क को वैश्विक स्तर तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।