लखनऊ। राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक 21 वर्षीय युवक ने मामूली विवाद के बाद अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए शव के टुकड़े-टुकड़े कर उन्हें घर के अंदर ही एक ड्रम में छिपा दिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-एल निवासी मानवेंद्र प्रताप सिंह (49) बीते 20 फरवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। जब पुलिस ने उनके 21 वर्षीय बेटे अक्षत प्रताप सिंह से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने जो सच उगला, उसे सुनकर पुलिस अधिकारियों के भी पैरों तले जमीन खिसक गई।
करियर का दबाव बना कत्ल की वजह
आरोपी अक्षत ने खुलासा किया कि उसके पिता उस पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डॉक्टर बनने के लिए अत्यधिक दबाव बना रहे थे। 20 फरवरी की भोर करीब 4:30 बजे इसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद आवेश में आकर अक्षत ने पिता को गोली मार दी।
साक्ष्य छिपाने के लिए की दरिंदगी
हत्या के बाद आरोपी ने पकड़े जाने के डर से शव को तीसरी मंजिल से घसीटकर नीचे लाया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसने शव के कई हिस्से किए। घर के भूतल पर एक ड्रम में भरकर छिपा दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
