मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच गिरावट दर्ज की गई। बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 324.17 अंक यानी 0.39 प्रतिशत टूटकर 83,246.18 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी दो महीने के निचले स्तर पर
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी 108.85 अंक या 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,585.50 अंक पर आ गया। सेंसेक्स और निफ्टी, दोनों ही सूचकांक दो महीने से अधिक समय के निचले स्तर पर बंद हुए। कारोबार के दौरान बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया और एक समय सेंसेक्स 672 अंक तक लुढ़क गया था।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली
बाजार में चौतरफा बिकवाली का असर मझोली और छोटी कंपनियों पर भी पड़ा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.25 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.99 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
इन सेक्टरों में ज्यादा दबाव
तेल एवं गैस, रियल्टी, मीडिया, रसायन, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद क्षेत्रों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, एफएमसीजी और ऑटो सेक्टरों के सूचकांक बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे।
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों का हाल
सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में करीब तीन प्रतिशत की गिरावट आई। आईसीआईसीआई बैंक और इटरनल के शेयर दो प्रतिशत से अधिक टूटे। टाइटन, अडानी पोर्ट्स, टीसीएस और अल्ट्राटेक सीमेंट में एक से डेढ़ प्रतिशत तक की कमजोरी रही। एनटीपीसी, इंफोसिस, भारती एयरटेल, एसबीआई और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे।
इंडिगो और टेक महिंद्रा में तेजी
विमानन कंपनी इंडिगो पर नागर विमानन महानिदेशालय की अपेक्षाकृत नरम कार्रवाई के बाद इसके शेयर में चार प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी गई। टेक महिंद्रा का शेयर भी लगभग तीन प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।
इन शेयरों ने दी मजबूती
हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में दो प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा मारुति सुजुकी, ट्रेंट, आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और एक्सिस बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत तक मजबूत हुए। बजाज फिनसर्व, बीईएल और एलएंडटी के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।
