
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मोदी-योगी की सरकार में उत्तर प्रदेश देश में सर्वश्रेष्ठ बनने की राह चल रहा है। पूरा देश आज काकोरी के शहीदों को याद कर रहा है। शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उत्तर प्रदेश को देश में नंबर एक बनाने का कार्य करें। उत्तर प्रदेश आज संपूर्ण भारत में दुग्ध, गेहूं, चीनी उत्पादन और कंप्यूटर टेक्नोलॉजी के मामले में आगे है। देश में अच्छे इंजीनियर और डॉक्टर उत्तर प्रदेश से ही आते हैं। उत्तर प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ बनाने का हम सब को प्रण लेना चाहिए। काकोरी शहीद स्मारक में सोमवार को शहीद दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। श्री पाठक ने उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन डे को याद करें तो उस समय के वीर क्रांतिकारियों के मन में एक ही इच्छा थी कि भारत माता को अंग्रेजों से मुक्त कराना है। इस अवसर पर मेयर संयुक्ता भाटिया, विधायक गोपालजी टंडन, जयदेवी कौशल, लालजी प्रसाद निर्मल, एमएलसी रामचंद्र प्रधान, जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण लोधी सहित गड़मान्य लोग उपस्थित रहे।