प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर रामगोपाल यादव ने सरकार पर साधा निशाना


फिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने रविवार को प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और सरकार संविधान के बजाय मनमाने तरीके से काम कर रही है, जिसके कारण लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।

फिरोजाबाद दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में रामगोपाल यादव ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के बयानों को तवज्जो नहीं दी जानी चाहिए और मीडिया को भी ऐसे बयानों को अधिक महत्व नहीं देना चाहिए।

अलीगढ़ के बन्नादेवी थाने के बाहर एक पीड़ित द्वारा कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाए जाने वाले वायरल वीडियो के संबंध में उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के कामकाज के तरीके के कारण लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता सरकार की कार्यप्रणाली को समझ चुकी है और बदलाव का मन बना रही है।

रामगोपाल यादव ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध, दुष्कर्म, चोरी-डकैती और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रदेश में हो रही घटनाओं की वास्तविक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

मेरठ के सेंट्रल मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई से जुड़े सवाल पर सपा महासचिव ने कहा कि जो लोग गलत लोगों का साथ देते हैं, उन्हें इसका परिणाम भुगतना पड़ता है। यूजीसी से जुड़े कानून के सवाल पर रामगोपाल यादव ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से बनाए जा रहे नए कानून कुछ लोगों के पक्ष में और कुछ के खिलाफ हैं। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, मीना राजपूत, सतेंद्र जैन सोली समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *