
नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तीन दिवसीय द्विमासिक मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक सोमवार से शुरू होगी। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में मुंबई में होने वाली यह बैठक 5 से 7 अक्टूबर तक चलेगी। आर्थिक मामलों के जानकारों के मुताबिक, इस बैठक में नीतिगत ब्याज दर यानी रेपो रेट में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी की संभावना है।
छह सदस्यीय एमपीसी की बैठक में महंगाई, आर्थिक गतिविधियों और मौजूदा नीतिगत ब्याज दरों की स्थिति की व्यापक समीक्षा की जाएगी। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे मौद्रिक नीति समिति के फैसलों की घोषणा करेंगे।
अर्थशास्त्रियों और बैंकिंग क्षेत्र के अधिकारियों का मानना है कि पश्चिम एशिया में संकट के दोबारा गहराने से मुद्रास्फीति पर बढ़ते दबाव के बीच आरबीआई अक्टूबर की मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट में 0.25 फीसदी की वृद्धि कर सकता है। इससे पहले ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने अक्टूबर-दिसंबर की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठकों में रेपो रेट में 0.25-0.25 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान जताया था।
गौरतलब है कि आरबीआई ने अगस्त में हुई पिछली एमपीसी बैठक में रेपो रेट को 5.25 फीसदी पर बरकरार रखा था। यदि इस बार दर में बढ़ोतरी होती है, तो 2023 के बाद यह पहली बार होगा जब केंद्रीय बैंक नीतिगत ब्याज दर में इजाफा करेगा।