अमित शाह होंगे उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में शामिल


लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केन्द्रीय गृह मंत्री एवं वरिष्ठ नेता अमित शाह शामिल होंगे। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया संयोजक हिमांशु दुबे ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 30 व 31 अक्टूबर को लखनऊ में होगी।

बैठक की तैयारी के संबंध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोमवार को पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की। वहीं भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने आशियाना स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय पहुंचे थे। उनके साथ प्रदेश महामंत्री उपेन्द्र रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ला, राज्यसभा सांसद राम प्रताप सिंह चौहान और बृजबहादुर भी थे। इससे संभावना जतायी जा रही है कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक लोहिया विधि विश्वविद्यालय के ही सभागार में होगी। हालांकि भाजपा ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

लखनऊ में होने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेशभर से पार्टी के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। बैठक में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश से जुड़े पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक उपस्थित रहेंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मिशन 2027 को लेकर चर्चा और कुछ अभियान व कार्यक्रमों की घोषणा भी संभावित है। प्रदेश व केन्द्र सरकार के कार्यों को भी जमीनी स्तर पर पहुंचाने की कार्ययोजना भी बन सकती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *