पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप बेटी और सैकड़ों समर्थकों के साथ सपा में शामिल
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा की हार तय हो जाएगी। उन्होंने जनता से प्री-पेड पार्टियों से सावधान रहने की अपील करते हुए आरोप लगाया कि कुछ दल दूसरी पार्टियों के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों की डोर किसी और के हाथ में है और डोर टूटते ही उनका खेल खत्म हो जाएगा।
अखिलेश यादव मंगलवार को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बरेली के आंवला से भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कीर्ति कश्यप को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई। उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी सपा का दामन थामा। अखिलेश यादव ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि इनके पार्टी में शामिल होने से पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती मिलेगी।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि आगामी चुनाव में 80-20 नहीं, बल्कि 90-10 का मुकाबला होगा। यह चुनाव पीड़ितों और उन्हें पीड़ा देने वालों के बीच होगा। उन्होंने दावा किया कि पीडीए की एकजुटता भाजपा के लिए चुनौती बनेगी।
चुनाव आयोग की कार्यशैली पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए देशभर में मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची को आधार से जोड़ा जाना चाहिए तथा बायोमेट्रिक प्रणाली के जरिए मतदान कराया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि कहीं छोटी कार्रवाई के पीछे किसी बड़ी साजिश की तैयारी तो नहीं है।
किसानों के भुगतान को लेकर किया वादा
किसानों के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों का 162 करोड़ रुपये का भुगतान 24 घंटे के भीतर कराया जाएगा। उन्होंने विधान परिषद चुनाव में लखनऊ से सपा प्रत्याशी कांति सिंह की सीट पर मतदान प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि 97 बूथों पर बिना मोड़े हुए मतपत्र मिले, जिससे मतदान की निष्पक्षता पर संदेह पैदा होता है। उन्होंने भाजपा पर चुनाव में अनियमितताएं कराने का आरोप भी लगाया।
ओवैसी पर साधा निशाना
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष ने पतंग की डोर, चरखी और फिरकी के जरिए तंज कसा। उन्होंने सवाल उठाया कि इनकी डोर किसके हाथ में है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जानती है कि पीडीए एकजुट है।
शिवपाल यादव ने 2027 में भाजपा की हार का किया दावा
इस मौके पर सपा महासचिव शिवपाल यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर से परेशान है। साथ ही उन्होंने किसानों के साथ अन्याय और बजट में कथित अनियमितताओं के आरोप भी लगाए।
धर्मेंद्र कश्यप ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप
समाजवादी पार्टी में शामिल हुए पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भाजपा सरकार पर पिछड़े वर्ग के लोगों को न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कश्यप समाज के एक दर्जन से अधिक लोगों की हत्या हो चुकी है और इन घटनाओं में एक विशेष जाति के लोगों की भूमिका रही है।
धर्मेंद्र कश्यप ने प्रदेश की विकास व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और संगठन के विस्तार के लिए काम करेंगे।