लखनऊ का तिहरा हत्याकांड: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने परिवार को मनाया, शवों को दिया कंधा


लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में तिहरे हत्यकांड के बाद परिवार के लोग मंगलवार काे शव को रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें मनाने के लिए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकार से मिलने वाली सारी सुविधाएं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिवार के लोग उप मुख्यमंत्री के आश्वासन पर मान गए, उन्हाेंने शवाें को कंधा भी दिया।

सआदतगंज के ब्राहम्ण टोला, नौबस्ता में कार की पार्किंग को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने साेमवार काे शिवाजी तिवारी (65) उनके भाई शिवेंद्र तिवारी (55) और उनके बेटे सुयश तिवारी की गाेली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक शिवा तिवारी सचिवालय से रिटायर्ड और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के जिला सर कार्यवाह रह चुके थे। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या को लेकर मंगलवार को परिवार के लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिवार का साथ देने के लिए भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और संघ के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। परिवार की मांग थी कि मौके पर उपमुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को बुलाया जाए। आरोपितों के घर पर बुलडोजर चले और पुलिस उनका एनकाउंटर करें। स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात की गई। दोपहर को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।

उन्होंने परिवार से हाथ जोड़कर इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उनकी सारी पीड़ा सुनी। इसके बाद उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार के साथ राज्य सरकार खड़ी है। आरोपितों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी। अवैध निर्माण को हटाया जाएगा। सरकार मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाएगी, ताकि आरोपित को जल्द से जल्द सजा मिल सके। इसके अलावा पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी, बेटी को नि:शुल्क पढ़ाई और परिवार की सुरक्षा मुहैया करायी जाएगी। करीब तीन घंटे चली बातचीत के बाद परिवार उपमुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद शवों के अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ। परिवार का कहना है कि उनकी सारे मांगे मान ली गई हैं। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शवों को कंधा दिया।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उपाध्यक्ष नीरज सिंह, मेयर सुषमा खर्कवाल, पुलिस कमिश्रनर तरूण गाबा, जिलाधिकारी विशाख जी के साथ पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि इस घटना के बाद पुलिस कमिश्रर ने मामले को संज्ञान में लेते हुए लापरवाही बरतने पर थानेदार और चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *